आज़ादी के 75वी वर्ष गांठ पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया झंडारोहण

0
4

आज़ादी के पावन अवसर पर देश के विकास के लिए हो दृढ़ संकल्पित- जिलाधिकारी

मऊ – आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने प्रातः 8:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ।इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित समस्त कार्यालयाध्यक्ष एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। झंडारोहण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने अपने विचार रखें। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि देश के स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। विगत 12 मार्च 2021 से प्रारंभ इस महोत्सव में हर जाति, धर्म, भाषा और संप्रदाय के लोग स्वेच्छा से इसमें भाग लेकर इसे एक राष्ट्र उत्सव के रूप में मना रहे हैं। इतिहास के इस महत्वपूर्ण अवसर पर स्वाधीनता संग्राम में अपने जीवन की आहुति देने वाले सभी ज्ञात अज्ञात विभूतियों के चरणों में श्रद्धा पूर्वक नमन करने का सौभाग्य हमें प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत सभी लोगों ने स्वेच्छा से अपने अपने घरों पर तिरंगा झंडा लगाया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्येक जनपद वासी का योगदान रहा है।सभी सरकारी एवं गैरसरकारी संस्थाओं ने भी इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लिया है,जिससे इस कार्यक्रम को एक विशेष आयाम मिला है। जिलाधिकारी ने आजादी के 75 वे वर्षगांठ को विशेष दिवस बताते हुए वहां पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवम् कर्मचारियों को देश के विकास के पथ पर ले जाने में जो भी कमियां रह गई हैं, उनको दूर करने का संकल्प लेने को कहा, जिससे जब हम आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाये तब तक देश एक विकसित राष्ट्र बन सके। उन्होंने कहा कि हमारे देश के लोगों में यह अद्भुत क्षमता है कि हम आपदा के समय एक साथ खड़े होकर उसका मुकाबला करते हैं। हमारे देश को पहले सोने की चिड़िया कहा जाता था। सदियों तक गुलामी की दास्तां में जकड़े रहने के बावजूद हमारा देश पुनः सोने की चिड़िया बनने के कगार पर खड़ा है। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवम् कर्मचारियों से अपने कार्यों में ईमानदारी लाने एवं और बेहतर प्रयास करने को कहा, जिससे देश को तीव्र गति से विकास के पथ पर ले जाया जा सके। विचार गोष्ठी के दौरान अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह ने महात्मा गांधी जी के आदर्शों पर चलने को कहा जिससे विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने स्वतंत्रता के महत्व को बताते हुए लोगों को जाति, धर्म से ऊपर उठकर अच्छे विचारों से कार्य करने को कहा।
मुख्य राजस्व अधिकारी अभय पांडे ने शासन की विकास योजनाओं को सभी अधिकारियों को ईमानदारी से धरातल पर उतारने हेतु प्रेरित किया, जिससे देश को समुन्नत बनाया जा सके। नगर मजिस्ट्रेट डी0पी0 सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आजादी के बाद भारत ने देश की जरूरतों के हिसाब से संविधान की रूपरेखा तैयार की, उसी के हिसाब से हम अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन कर देश और समाज को आगे ले जा सकते हैं। विचार गोष्ठी में अपने विचार रखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम एवं कोषागार के लिपिक सत्येंद्र यादव ने देशभक्ति पर आधारित गीत भी प्रस्तुत किए। इस दौरान सभ्य भारत मिशन के संयोजक राजेंद्र अग्रवाल ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।
विचार गोष्ठी का संचालन वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुशवाहा ने किया।
इस दौरान जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार के अलावा अपर जिलाधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट श्री डी. पी. सिंह,मुख्य राजस्व अधिकारी श्री अभय पांडे सहित कलेक्ट्रेट परिसर स्थित समस्त कार्यालयों के कार्यालय अध्यक्ष एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।